हिमाचल प्रदेश पुलिस अब तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है। विभाग ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने चार पुलिस कर्मचारियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से गहन प्रशिक्षण दिलाया है। इनमें दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिनमें से मनु प्रदेश की पहली आधिकारिक साइबर कमांडो बनकर उभरी हैं। मनु के साथ ही मधु शर्मा, आकाश ठाकुर और राम शर्मा ने भी साइबर अपराधों से निपटने का छह महीने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। ये चारों अब साइबर स्टेशन शिमला में अपनी सेवाएं देंगे और प्रदेश के नागरिकों के साथ होने वाली साइबर धोखाधड़ी के मामलों की जांच और समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
साइबर अपराध से लड़ने के लिए पुलिस कर्मचारियों को देश के नामी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण करवाया जा रहा है। प्रदेश को पहले चार साइबर कमांडो मिल गए हैं। मनु प्रदेश की पहली साइबर कमांडो बनी हैं। अगले बैच में 27 पुलिस कर्मचारी साइबर कमांडो का कोर्स करने के लिए जाएंगे। साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए साइबर क्राइम हर मोर्चे पर काम कर रहा है।-मोहित चावला, डीआईजी साइबर क्राइम