केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली के आवासीय परिसर में पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री पंडित शिव कुमार का कुशलक्षेम जाना। पंडित शिव कुमार और बाली समधी हैं। शिव कुमार पिछले कुछ समय से अस्वस्थ हैं। इसीलिए नड्डा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। बाली भी इस मौके पर मौजूद रहे।
हालचाल जानने के बाद नड्डा और बाली ने होटल ग्रेंड राज में एक साथ लंच कर सियासी गुफ्तगू की। नड्डा यहां करीब दो घंटे तक रुके। लंच के बाद नड्डा ने पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि देश भर में चल रहीं 134 अमृत फार्मेसी में 588 लोगों को रोजगार मिला है।
हिमाचल के आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसियां चल रही हैं। यहां रियायती दामों पर मरीजों को दवाइयां मिल रही हैं। आयुष्मान भारत के तहत देश में 90 फीसदी डेटा की वेरिफिकेशन कर ली गई है।
योजना के तहत मरीजों को और क्या सुविधाएं दी जा सकती हैं, इस पर काम किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक संजय चौधरी, कृपाल परमार, विक्रम जरियाल, कार्तिक पाधा, कांग्रेस नेता आरएस बाली आदि मौजूद रहे।