मंडी में 25 किलो का क्रेट 3,000 रुपये में बिका। इससे पहले अभिरंग टमाटर बीते सप्ताह 108 रुपये प्रतिकिलो तक बिका था। इसके अलावा अन्य टमाटर 2,000-2,400 रुपये प्रति क्रेट तक भी बिका है।
भारी बारिश के चलते टमाटर की आवक कम होने से सोमवार को सोलन सब्जी मंडी में हिमसोना टमाटर को रिकॉर्ड 120 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले। मंडी में 25 किलो का क्रेट 3,000 रुपये में बिका। इससे पहले अभिरंग टमाटर बीते सप्ताह 108 रुपये प्रतिकिलो तक बिका था। इसके अलावा अन्य टमाटर 2,000-2,400 रुपये प्रति क्रेट तक भी बिका है। शिमला मिर्च भी 60 से 82 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकी। भारी बारिश के कारण टमाटर पकना बंद हो गया है। इससे मंडी में बहुत कम उत्पाद पहुंच रहा है। आढ़तियों की माने तो आने वाले एक माह तक दाम में तेजी रहने की उम्मीद है।
विज्ञापन
सब्जी मंडी सोलन में टमाटर की आवक कम हो गई है। सोमवार को भी सब्जी मंडी करीब 1,500 क्रेट पहुंचे। अभी अगेती फसल ही चल रही है। यहां का टमाटर बिहार, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा की मंडियों में भेजा जा रहा है। प्रदेश भर में टमाटर की पैदावार के लिए सोलन पहले स्थान पर है। जिले में करीब 5,120 हेक्टेयर भूमि पर टमाटर की फसल उगाई जाती है। इस पर सालाना करीब दो लाख मीट्रिक टन पैदावार की संभावना रहती है। हालांकि सोलन के अलावा प्रदेश के अन्य जिले सिरमौर, बिलासपुर, मंडी में भी टमाटर की पैदावार होती है, लेकिन टमाटर की खेती के अधीन सर्वाधिक भूमि आने के कारण सोलन जिले को इस फसल की रीढ़ माना जाता है।
मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि सब्जी मंडी में सभी सब्जियों के अच्छे दाम मिल रहे है। भारी बारिश के चलते मंडी में भी बहुत कम उत्पाद पहुंच रहा है। सोमवार को टमाटर 3000 रुपये तक बिका है। इसके अलावा शिमला मिर्च के भी किसानों को अच्छे दाम मिले है।