भारी बारिश के कारण जिला किन्नौर में यातायात व्यवस्था ठप हो गई है। यहां पवारी कैंची से करीब एक किलोमीटर दूरी पर पूह की ओर ऊपरी पहाड़ी से चट्टानें गिरने से मंगलवार देर शाम से एनएच पांच बंद हो गया।
इसके कारण जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और शिमला की ओर से पूह की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो चुकी है। एनएच पांच के बंद होने से पूह काजा और स्पिति वैली की ओर यातायात पूर्ण रूप से ठप हो चुका है।
सड़क बंद की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन की मशीनें और मजदूरों ने अवरूद्ध मार्ग को बहाल करने के लिए काम शुरू कर दिया। मंगलवार रात राष्ट्रीय उच्च मार्ग बहाल नहीं हो पाया था।
लेकिन बुधवार सुबह ही सीमा सड़क संगठन की चार मशीनरियों और 25 मजदूरों ने युद्धस्तर पर कार्य कर बंद मार्ग को 11 बजे तक बहाल कर दिया। बताया जा रहा है कि यहां लैंड स्लाइडिंग अभी भी जारी है।
मार्ग खोलने की पुष्टि करते हुए सीमा सड़क संगठन के ओसीएच आर वनराज ने कहा कि बरसात को ध्यान में रखते हुए बंद मार्गों को बहाल करने के लिए संगठन ने सभी पुख्ता इंतजाम कर रखे है।