नगर निगम के पांच वार्डों की मतदाता सूचियों में नए वोटरों को शामिल करने को लेकर तहसीलदार के पास शुक्रवार को सुनवाई का दौर पूरा हो गया है। तहसीलदार और नायब तहसीलदार की रिवाइजिंग अथारिटी के सामने पांच वार्डों के 150 से ज्यादा युवा वोटर सुनवाई के लिए पहुंचे। शहर में 36 वार्डों की मतदाता सूची पहले ही तैयार कर ली है। अब पांच वार्डों नाभा, फागली, टुटीकंडी, समरहिल और बालूगंज की मतदाता सूची तैयार हो रही है। इसमें जो वोटर पहली बार नगर निगम चुनाव में मतदान करेंगे, उनकी शुक्रवार को सुनवाई रखी थी।
समरहिल वार्ड से सबसे ज्यादा 154 नए वोटरों के आवेदन आए हैं। हालांकि, यहां ज्यादातर आवेदनों पर भाजपा ने आपत्ति भी जताई है। फर्जी पते पर वोट बनाने के आरोप लगाए गए हैं। बाकी चार वार्डों से भी नए वोटरों को शामिल करने को लेकर सुनवाई हुई है। अब 16 जनवरी यानि सोमवार को नए वोटरों शामिल करने के बाद नई मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद इस सूची पर भी यदि लोगों को आपत्ति है तो इसकी अपील निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दर्ज करवा सकते हैं। 19 जनवरी तक निर्वाचन अधिकारी भी सभी आपत्तियों और अपीलों का निपटारा कर देंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 31 जनवरी 2023 तक कर दिया जाएगा।