बाल दिवस विशेष...
बच्चों पर बढ़ रहा परीक्षाओं में ज्यादा नंबर लाने की उम्मीदों का बोझ, तनाव में याद किया सिलेबस भी भूल रहे
परीक्षा के समय हर महीने बाल परामर्श केंद्र पहुंच रहे 20 से ज्यादा बच्चे, ज्यादातर 15 साल से कम आयु के
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हर साल परीक्षा में अच्छे नंबर लाने का दबाव, कम अंक आने का डर और अभिभावकों की बढ़ती उम्मीदें कई बच्चों को तनाव में डाल रही हैं। इसका असर अब इनकी सेहत पर भी दिखने लगा है। परीक्षाएं आते ही कई बच्चे अचानक तनाव में आ रहे हैं। जो पढ़ने में होनहार भी हैं, वे भी याद किया सिलेबस भूल रहे हैं।
मजबूरन अभिभावकों को परीक्षाओं से पहले अब इन्हें मनोवैज्ञानिकों के पास ले जाकर काउंसलिंग करवानी पड़ रही है। राजधानी के उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बाल एवं युवा परामर्श केंद्र में परीक्षा के समय हर महीने औसतन 20 से ज्यादा बच्चे काउंसलिंग के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर 10 से 18 साल से आयुवर्ग के हैं। नवंबर से मार्च तक होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के समय इनकी संख्या सबसे ज्यादा रहती है। बीते कुछ साल से इनका आंकड़ा बढ़ रहा है। परामर्श केंद्र में मनोवैज्ञानिक इन बच्चों की कई चरणों में काउंसलिंग करते हैं। इनमें तनाव का सबसे बड़ा कारण अच्छे नंबर लाने के लिए डाला जाने वाला दबाव है। कई मामले ऐसे भी सामने आए हैं जिनमें बच्चा होनहार है लेकिन सहपाठी से ज्यादा अंक लाने या कक्षा में अव्वल आने की उम्मीद के चलते तनाव में आ रहा है। मनोवैज्ञानिक के अनुसार ज्यादातर मामलों में अभिभावकों की ओर से बच्चे पर डाला जाने वाला अनावश्यक दबाव है। बच्चे की दूसरों से तुलना करना, अच्छे अंक या ग्रेड लाने का दबाव, परीक्षा के समय सिर्फ पढ़ाई पर ही जोर देने, अभिभावकों का बच्चों को कम समय देने के कारण नौनिहाल तनाव में आ रहे हैं।
समय न देने, अभिभावकों की लड़ाई से भी तनाव में आ रहे बच्चे
परामर्श केंद्र में बच्चों के तनाव से जुड़े कई और मामले भी सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले छोटा शिमला क्षेत्र से अभिभावक अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। बेटे ने होनहार होने के बावजूद अचानक जमा एक कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी। वह मोबाइल में खो गया। बाद में मोबाइल भी छोड़ दिया और तनाव में रहने लगा। माता-पिता दोनों नौकरीपेशा हैं। मां ने कहा कि बेटे का अब पढ़ाई में मन नहीं लग रहा। मनोवैज्ञानिक ने जब बच्चे से बात की तो उसने बताया कि उसे पढ़ाई लिखाई में कोई गाइड नहीं कर रहा। माता-पिता के पास समय नहीं है। एक अन्य मामले में माता-पिता के रोजाना होने वाले विवाद के बीच बच्चे ने पढ़ाई छोड़ दी। काउंसलिंग में मनोवैज्ञानिक ने बच्चे के साथ अभिभावकों को भी समझाया और बच्चे को समय देने के लिए प्रेरित किया
दबाव नहीं, प्यार से करवाएं तैयारी : मनोवैज्ञानिक
परीक्षाओं के दौरान कई बच्चे ऐसे आ रहे हैं जो अचानक तनाव में जा रहे हैं। परीक्षा में अच्छे नंबर लाने की उम्मीद के दबाव में बच्चे याद किया हुआ सिलेबस भी भूल रहे हैं। केंद्र में इनकी काउंसलिंग की जाती है। अभिभावक बच्चों को समय दें। प्यार से समझाएं। उनकी कार्यक्षमता को समझें। अनावश्यक बोझ या दबाव न डालें। परीक्षा के समय भी खेलकूद या टीवी देखने का शेड्यूल बनाएं। बच्चों को अच्छा करने के लिए मोटिवेट करें।
-मनोज सहगल, मनोवैज्ञानिक, बाल एवं युवा परामर्श केंद्र शिमला