मरीजों को उपचार साथ बताया जाएगा ठीक होने का परामर्श
अक्षम को जरूरत का सामान भी उपलब्ध उपलब्ध करवाएगी संस्था
18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए कल लगाई जाएगी ओपीडी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजएमसी) में रीढ़ की हड्डी (स्पाइना बिफिडा) के गंभीर रोगों से पीड़ित बच्चों को मुंबई के चिकित्सक उपचार देंगे। इसके लिए अस्पताल में 14 नवंबर को विशेष ओपीडी लगेगी। इस दौरान स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों को उपचार के साथ ठीक होने का परामर्श भी बताया जाएगा। इस विशेष ओपीडी का मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर के गरीब और जरूरतमंद बच्चों तक उपचार की सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें उचित उपचार और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता।
स्पाइना बिफिडा फाउंडेशन के सहयोग से सीएमई एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत ओपीडी लगेगी। ओपीडी में बीमारी की स्थिति का आकलन करने के बाद मरीजों को जानकारी दी जाएगी। इसमें मुंबई के स्पाइना बिफिडा विशेषज्ञ डॉ. संतोष जे करमरकर व आईजीएमसी के विशेषज्ञ की टीम उपचार देगी। इसी के साथ अक्षम बच्चे जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है, उनके लिए जरूरत के अनुसार कस्टमाइज्ड व्हीलचेयर, ब्रेसेस और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने में मदद की जाएगी। बच्चों की शारीरिक जरूरतों के अनुसार माप लेकर यह उपकरण निशुल्क या कम कीमत पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उधर, आईजीएमसी के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार ठाकुर ने प्रदेशभर के स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ओपीडी में लाकर उनकी जांच करवाएं और विशेषज्ञों से उचित परामर्श लें।
-
स्पाइना बिफिडा है जन्मजात बीमारी
विशेषज्ञों के अनुसार स्पाइना बिफिडा एक जन्मजात बीमारी है। गर्भावस्था के दौरान जब बच्चे का विकास होता है, तो रीढ़ को ढकने वाली नली (न्यूरल ट्यूब) पूरी तरह बंद नहीं हो पाती है। इसके परिणामस्वरूप रीढ़ की हड्डी के कुछ कशेरुक अधूरे रह जाते हैं, जिससे रीढ़ की हड्डी और उससे जुड़ी नसें खुली या प्रभावित रह जाती हैं। इस कारण स्पाइनल कॉर्ड भी प्रभावित हो जाती है। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को चलने-फिरने, पेशाब और मल त्याग से संबंधित समस्याएं होती हैं।