पेंशनर्स संघ के प्रधान आत्माराम ने कहा, भाजपा विचारधारा के लोगों की है संघर्ष समिति
पेंशनर्स संघ के प्रयासों से पेंशनरों को मिला हक, मुख्यमंत्री ने शेष देनदारियों को भी किस्तों में भुगतान का दिया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ ने पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में धरने-प्रदर्शन कर रही पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के वजूद पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ के प्रधान आत्माराम, मुख्य सलाहकार बलवान कश्यप, कोषाध्यक्ष संतराम शांडिल, संगठन सचिव बालक राम चौहान और जिला संघ के महासचिव महेश वर्मा ने वीरवार को प्रेस वार्ता में कहा कि संयुक्त संघर्ष समिति, भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के पूर्व पदाधिकारियों और बीएमएस (BMS) से रहे नेताओं का एक अलग गुट है। खुद को सबसे बड़ा पेंशनरों का हितैषी होने का दावा करता है, लेकिन सत्ता से भाजपा के बाहर हो जाने पर ही ये सक्रिय होते हैं। सत्ता में आते ही इन्हें कर्मचारी और पेंशनर याद नहीं रहते।
आत्माराम ने कहा कि डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसायटी ने भी इस समिति को पूरी तरह से नकारा है और पेंशनर्स कल्याण संघ को ही मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि कल्याण संघ ने लगातार प्रदेशभर के पेंशनरों के हितों और उनके हक की लड़ाई लड़कर सरकार से देय वित्तीय लाभ दिलाने का कार्य किया है। आगे भी संघ इसी तरह से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ क्लास वन और टू से सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों का डीए का 50 फीसदी दिया जाना बाकी है। क्लास थ्री और फोर का डीए का बकाया भुगतान हो चुका है, जबकि क्लास थ्री, टू और वन श्रेणी से सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की ग्रेच्युटी और कम्यूटेशन का भुगतान किया जाना बाकी है। पेंशनरों की इन बकाया देनदारियों का भुगतान करने की मांग बीते दिनों मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में उठाई गई थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने किस्तों में इसे चुकाने का भरोसा दिया है। सभी वर्ग के पेंशनरों के साथ कर्मचारियों के 13 फीसदी डीए का भुगतान करने का भी सीएम ने भरोसा दिया है। संघ इस मांग को प्रमुखता से उठा चुका है।
उन्होंने पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति को लेकर कहा कि उनके पदाधिकारी बताएं कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेंशनरों के लिए क्या किया? पूर्व भाजपा सरकार की देनदारियों का भुगतान मौजूदा कांग्रेस सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने पेंशनरों और कर्मचारियों की 10,000 करोड़ की देनदारियों में से 3,000 करोड़ का भुगतान कर दिया है। 13 फीसदी डीए और ग्रेच्युटी का भी जल्द भुगतान किए जाने का भरोसा सरकार से मिला है।
17 दिसंबर को पेंशनर्स डे कार्यक्रम में सीएम होंगे मुख्य अतिथि
पेंशनर्स कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष आत्माराम ने कहा कि संघ 17 दिसंबर को पेंशनर्स डे पर आयोजन करेगा। इसमें मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि आने की हामी भर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पेंशनर्स के लिए बड़ा एलान कर सकते हैं। पेंशनरों की अन्य मांगों को लेकर जल्द ही संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि संघ 1989 से पेंशनरों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है, वहीं संयुक्त संघर्ष समिति का गठन जुलाई 2025 में किया गया है, जिसे मान्यता भी नहीं मिली है। संघ के खाते से लाखों की निकासी के सवाल का जवाब देते हुए आत्माराम ने कहा कि संघ का पैसा पेंशनरों की बैठकों, कार्यक्रमों के आयोजन के साथ रूटीन के खर्च पूरे करने में उपयोग होता है। एक-एक पैसे का हिसाब रखा जाता है। इसमें संघ को किसी को सफाई देने की आवश्यकता नहीं है।