डीडीयू और पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा रहे मरीज
अस्पताल में दो रुटीन और एक आपातस्थिति का है ऑपरेशन थियेटर
ऑपरेशन थियेटर में किए जाते थे छह ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) में हड्डियों के ऑपरेशन में प्रयोग होने वाली सीआर्म मशीन खराब हो गई है। इसके बाद अस्पताल में हड्डियों के ऑपरेशन रुक गए हैं। अस्पताल में एकमात्र सीआर्म मशीन के खराब होने से रोजाना रुटीन के करीब पांच से छह ऑपरेशन टाले जा रहे हैं जबकि आपातस्थिति में होने वाले ऑपरेशन के लिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है। इस कारण मरीजों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
रुटीन समेत अन्य ऑपरेशन के लिए दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल और पीजीआई चंडीगढ़ भेज रहे हैं। ऐसे में मरीजों की जेब पर बोझ पड़ने के साथ परेशानियां भी दोगुनी हो गई हैं। यही नहीं मरीजों को दूसरे अस्पतालों में ऑपरेशन की डेट लेनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी अन्य जिलों से आपातस्थिति में रेफर होकर आने वाले मरीजों को हो रही है जिन्हें तुरंत ऑपरेशन की जरूरत होती है। मशीन के न होने से चिकित्सक ऑपरेशन के लिए मना कर रहे हैं और दूसरे अस्पताल में जाने के लिए कहते हैं। इस कारण बार-बार रेफर होने से मरीजों की हालत भी गंभीर हो रही है। कोई दुर्घटना होने के बाद आईजीएमसी में रेफर होने वाले पीड़ितों को फिर दूसरे अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए भेजना पड़ रहा है जहां पर उपकरण भी पूरे नहीं मिल रहे हैं। पीड़ितों को निजी अस्पतालों में भटकना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि बीते चार दिन से मशीन खराब पड़ी है। विभाग की ओर से मशीन को ठीक करवाने के पत्र भी लिखा गया है लेकिन अभी तक तकनीशियन नहीं आया है। वहीं, प्रबंधन की ओर से दूसरे विभाग से भी मशीन नहीं उपलब्ध करवाई है। इस कारण सीधी परेशानी मरीजों को हो रही है।
15 दिन पहले ऑपरेशन की डेट लेने वाले परेशान
आईजीएमसी में रुटीन के ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतें पेश आ रही हैं। जिन मरीजों ने 15 दिन पहले ऑपरेशन की डेट ली है उनके ऑपरेशन न होने से फिर डेट लेनी पड़ेगी। इससे मरीजों को और परेशानी हो रही है। वहीं कई मरीज ऑपरेशन करवाने के लिए निजी अस्पतालों में जा रहे हैं।
प्रदेश के बड़े स्वास्थ्य संस्थान में एक ही मशीन
प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में एक ही मशीन है। हैरत की बात तो यह है कि यह मशीन आपातस्थिति में प्रयोग में लाई जाती है और यही रुटीन के ऑपरेशन में काम आ रही है। इन दिनों मशीन खराब है जबकि अस्पताल में तीन ओटी चलते हैं। विभाग की ओर से नई सीआर्म मशीन खरीदने के लिए भी अस्पताल प्रबंधन से आग्रह किया गया है लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
ऑर्थो विभागाध्यक्ष से सीआर्म मशीन खराब होने का सूचना मिली है। इसके लिए तकनीशियन को बुलाया गया है। ऑपरेशन के लिए अन्य विभाग से मशीन उपलब्ध करवाने के लिए बात की गई है। -डॉ. सीता ठाकुर, प्राचार्य, आईजीएमसी