जिले के 2,21,319 बच्चों को दी जाएगी दवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 23 फरवरी को बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्ले स्कूल में 1 से 19 साल तक के 2,21,319 बच्चों को एल्बेंडाजोल और विटामिन-ए दी जाएगी ताकि जिला के सभी बच्चों को कृमि मुक्त किया जा सके।
यह फैसला उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के दूसरे राउंड के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिले के 2150 सरकारी और 450 निजी स्कूलों, 2154 आंगनबाड़ी केंद्रों में 997 आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला शिमला में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को पहले दो मिली लीटर विटामिन-ए सिरप दिया जाएगा। इसके साथ ही 5 मिनट के अंतराल के बाद आधी गोली एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। इसी तरह 2-5 वर्ष के बच्चों को 2 मिली लीटर विटामिन-ए और एक गोली एल्बेंडाजोल दी जाएगी। 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की एक पूरी गोली दी जाएगी। वहीं पहले से बीमार बच्चे को दवाई नहीं दी जाएगी।