शेयरिंग में रूम का एक हजार, अकेले रूम लेने पर एक दिन के चुकाने होंगे दो हजार
रोगी कल्याण समिति को स्पेशल वार्ड से होती है आय
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की तर्ज पर कमला नेहरू मातृ एवं शिशु अस्पताल में भी स्पेशल वार्ड का किराया बढ़ाया जाएगा। आईजीएमसी रोगी कल्याण समिति की नौ फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में गर्वनिंग काउंसिल की बैठक हुई थी। इसमें आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड के रेट को बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी। इस प्रस्ताव को सरकार से अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। इसी तर्ज पर कमला नेहरू अस्पताल के स्पेशल वार्ड के रेट भी बढ़ाए जाने तय हैं। कमला नेहरू अस्पताल आईजीएमसी अस्पताल का ही हिस्सा है, इसलिए यहां भी मरीजों से लिए जाने वाले प्रतिदिन के किराये में वृद्धि होना तय है।
आईजीएमसी रोगी कल्याण समिति की बैठक में रखे गए प्रस्ताव में शेयरिंग में दो मरीजों को स्पेशल वार्ड का जो पहले महज 700 रुपये शुल्क था, उसे अब बढ़ाकर एक हजार किया जाना है। वहीं स्पेशल वार्ड को अकेले लेने वाले मरीज के लिए 1500 रुपये शुल्क को बढ़ाकर 2000 किया जाना है। कमला नेहरू अस्पताल में 20 स्पेशल वार्ड के शुल्क में वृद्धि होने से मरीजों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। स्पेशल वार्ड की दरें बढ़ने से अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की आय में वृद्धि होगी जिसे अस्पताल के विकास कार्यों और रोगियों की सुविधा पर खर्च किया जाएगा। कमला नेहरू अस्पताल में महिलाओं के टेस्ट से लेकर लगभग पूरा उपचार निशुल्क है, जिससे रोगी कल्याण समिति को टेस्ट आदि से कोई अतिरिक्त आय नहीं होती है। प्रस्ताव को सरकार से हरी झंडी मिलने पर ही लागू किया जाना है। अस्पताल में महिला मरीजों के लिए 274 बिस्तरों की व्यवस्था है।
कमला नेहरू अस्पताल के एमएस डाॅ. सुंदर नेगी ने माना कि अस्पताल आईजीएमसी का ही हिस्सा है, इसलिए वहां की स्पेशल वार्ड की दरें बढ़ेंगी, तो केएनएच में भी बढ़ जाएंगी।
अस्पताल में बदले जाने हैं ओटी टेबल, यूएसजी कलर डॉप्लर मशीन
कमला नेहरू अस्पताल में एक 80 के दशक में खरीदे गए ऑपरेशन टेबल और 2014 में खरीदे गए यूएसजी कलर डॉप्लर मशीन को भी बदला जाना है। वहीं नए रोगी वाहन को भी खरीदा जाना है। इनके प्रस्ताव को आरकेएस गर्वनिंग बॉडी की बैठक में हरी झंडी मिली है।