उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत पुलिस कर्मचारी के घर के बाहर जाकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या के मामले में फंसे पुलिस कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है। महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार एचएचसी के खिलाफ पुलिस ने नियमानुसार यह कार्रवाई की है। वहीं, रविवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश हुए हैं।
गौरतलब है कि वीरवार रात एक महिला ने पुलिस कर्मचारी के घर के बाहर पहुंचकर जहर खाया था। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक महिला के भाई ओम प्रकाश ने पुलिस ने शिकायत दर्ज करवाकर पुलिस कर्मचारी कमल पर उसकी बहन को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए थे।
इसके आधार पर पुलिस ने भादंसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज करते हुए पुलिस कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। रविवार को विभाग ने उस पर कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया है। एएसपी मनमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इस दौरान अब आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ होगी और पुलिस मामले को लेकर जरूरी जानकारियां जुटाएगी। आरोपी को 31 अक्तूबर को दोबारा अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
एएसपी मनमोहन सिंह ने कहा है कि मामले की पुलिस जांच कर रही है। इसमें विभिन्न पहलुओं के तहत छानबीन जारी है। आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई गई है। इसके तहत उसे सस्पेंड किया गया है। सहायक लोक अभियोजक सुनील शर्मा ने बताया की आरोपी 31 दिसंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।