हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए सभी पद छोड़ दिए हैं। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजे पत्र में हिमराल ने लिखा कि वह राजनीति में फिट नहीं बैठ पा रहे हैं। उन्होंने इस्तीफे का कारण व्यक्तिगत बताया है। उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर के राजनीतिक सचिव रहे हिमराल के इस्तीफे को सरकार और संगठन में अनदेखी से देख कर जोड़ा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रशिक्षण विभाग के अध्यक्ष के अलावा हिमराल शिमला शहरी सीट के प्रभारी और बीते चुनावों के दौरान कांग्रेस वॉर रूम के उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर चुके हैं।
उन्होंने इस्तीफे में लिखा कि राजनीति में विभिन्न पदों पर काम करते हुए कठोर और कड़वी सच्चाई को जाना और समझा है, जिसमें वह कभी फिट नहीं बैठ पाए। ऐसे में उन्होंने इन पदों को छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। जिन नेताओं के साथ मैंने काम किया है उनके कार्यों की मैं सराहना करता हूं। हिमराल ने लिखा कि हमेशा गंदे और भ्रष्ट राजनीतिक तंत्र को ईमानदारी से उन्होंने ठीक करने का प्रयास किया। करीब 20 साल तक कांग्रेस में कई पदों पर काम कर चुके हरिकृष्ण हिमराल शिमला ग्रामीण विधानसभा से संबंध रखते हैं। हिमराल ने बताया कि उन पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था और न ही उन्होंने किसी से मतभेद के कारण इस्तीफा दिया है।