केएनएच से जांच के लिए महिलाओं को आईजीएमसी जाने को 900 रुपये में मिल रही है निजी एंबुलेंस
विज्ञापन
चमियाना में जांच करानी हो तो 2 हजार में मिल रही टैक्सी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) से गायनी विभाग को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में शिफ्ट करने के बाद से महिला मरीजों की परेशानियां दोगुनी हो गई हैं।
अब महिला मरीजों को आईजीएमसी में आपात स्थिति में जांच करवाने के लिए जाने से पहले ही आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को केएनएच से गायनी चिकित्सक की सलाह के लिए आपात स्थिति में आईजीएमसी जाने पर निजी एंबुलेंस में 800 से 900 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाने के लिए भी मरीजों को निजी एंबुलेंस और टैक्सियों में अधिक पैसे अदा करने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और खर्च का बोझ भी बढ़ गया है। आपातकालीन स्थिति में टैक्सी के माध्यम से आईजीएमसी और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाने के लिए 1500 से 2000 रुपये तक अदा करने पड़ते हैं। इस पर मरीजों ने सवाल भी खड़े किए हैं। अप्रैल से पहले गर्भवती महिलाओं को गायनी ओपीडी में जांच करवाने के लिए भटकना नहीं पड़ता था।
108 और 102 न होने पर आती है दिक्कत
कमला नेहरू अस्पताल में अगर 102 और 108 एंबुलेंस उपलब्ध न हो तो दिक्कत बढ़ जाती है। इसके बाद एकमात्र सहारा निजी एंबुलेंस और टैक्सी ही बचती है। आपात स्थिति में मरीजों को आईजीएमसी या सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाना ही पड़ता है। इस दौरान टैक्सी चालक आपात स्थिति का फायदा उठाते हैं और मनमानी पर उतर जाते हैं।
केस स्टडी-एक तीमारदार सत्यदेव वर्मा ने बताया कि कमला नेहरू अस्पताल से सुविधाओं को कम करने से महिलाएं परेशान हो गई हैं। महिलाओं को जांच के लिए आईजीएमसी स्थित गायनी ओपीडी में जाना पड़ता है। अगर अस्पताल में 108 एंबुलेंस उपलब्ध न हो तो निजी एंबुलेंस में गर्भवती महिला को ले जाना पड़ता है। इसके लिए निजी एंबुलेंस चालक को 700 रुपये अदा करने पड़े हैं। सरकार को व्यवस्था बदलने की बजाय केएनएच में ही सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए था।
केस स्टडी-दो तीमारदार चित्रलेखा ने बताया कि उनकी भतीजी गर्भवती है और केएनएच में भर्ती है। भतीजी को गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में जांच के लिए भेजा गया था। इसके लिए उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस के किसी अन्य जगह व्यस्त होने की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने टैक्सी चालक से चमियाना जाने के लिए बात की तो उसने 2000 रुपये मांगे। मजबूरी में उन्हें यह राशि अदा करनी पड़ी।
इनसेट कमला नेहरू अस्पताल से गायनी विभाग को शिफ्ट करने के बाद से महिलाओं को सीधे तौर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए पीआईएल हाईकोर्ट में चल रही है। आगामी दिनों में इसकी सुनवाई होनी है। सरकार ने पूरी तरह गलत कदम उठाया है। अब महिलाओं को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने पर निजी एंबुलेंस और टैक्सी में हजारों रुपये अदा करने पड़ रहे हैं। इससे जेब पर बोझ काफी बढ़ गया है। -फालमा चौहान, महासचिव, भारतीय जनवादी महिला समिति