अमलेहड़ पंचायत में शेड का ताला तोड़कर शातिर एक कार ले उड़े। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की यह गृह पंचायत है। सेवानिवृत्त कैप्टन शक्ति चंद ने पुलिस थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवाई। शक्ति चंद ने बताया कि यह कार उनके बेटे के नाम पर पंजीकृत है। बेटा भारतीय सेना में सेवारत है। कार रविवार को शेड में खड़ी की थी।
शेड के शटर के ताले टूटे होने की सूचना एक दुकानदार ने उन्हें दी। जब मौके पर जाकर देखा तो कार नहीं थी। नादौन थाना पुलिस ने कार को सोमवार सुबह बानूए दा खू से बरामद कर लिया है। पैरापिट से टकराने के बाद गाड़ी का अगला टायर फट गया और चोर गाड़ी को यहीं छोड़कर भाग गए थे। थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस ने कार को बरामद कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।