हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में रविवार को अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलेगा।
मौसम विभाग ने दो मई से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हालांकि बारिश होने के आसार हैं। उधर, शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शनिवार को हल्की बारिश भी हुई है। शनिवार को शिमला में मौसम ने कई रंग दिखाए। थोड़ी देर बारिश होने के बाद धूप खिलने का सिलसिला जारी रहा।
पढ़िए कब तक खराब रहेगा मौसम
शिमला में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 33.7, भुंतर में 30.2, धर्मशाला में 28.8, नाहन में 33.8, सोलन में 31.5, कांगड़ा में 34.0, हमीरपुर में 35.3, मंडी में 32.8 और बिलासपुर में 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। पहली मई को मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दो और तीन मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़ कर अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। चार मई को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के आसार है।