फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विक्रमादित्य बोले- बस जुमले दे गए मोदी, हिमाचल को नहीं चाहिए दूषित हवा

Sun, 30 Apr 2017 10:17 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
परिवर्तन रैली के दो दिन बाद प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी के नेताओं पर जबरदस्त पलटवार किया है। युकां अध्यक्ष ने कहा कि आज तक जो भी प्रधानमंत्री शिमला आए वह हिमाचल को कुछ न कुछ देकर गए हैं।
विज्ञापन


भाजपा के ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी में शिमला दौरे के दौरान प्रदेश को करीब 1500 करोड़ का पैकेज देकर गए थे। लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री हिमाचल की झोली में सिर्फ जुमले देकर गए हैं। विक्रमादित्य यही नहीं रुके, आगे कहा कि जिस उड़ान योजना का भाजपा और प्रधानमंत्री श्रेय लेने का दावा कर रहे हैं उस योजना को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद शुरू किया गया है।

कहा कि शिमला अकेली राजधानी थी जहां हवाई कनेक्टिविटी नहीं थी और केंद्रीय उड्डयन कंपनी एयर इंडिया ने भी अपनी सेवाएं देने से इंकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद इस योजना के जरिये लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन


कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रदेश में आकर नेशनल हाईवे देने की घोषणा तो कर गए लेकिन अब तक सिर्फ 10 प्राजेक्टों की मंजूरी दी है। यही नहीं, डीपीआर बनाने के लिए 200 करोड़ के बजट के प्रावधान के बावजूद अब तक केंद्र बजट नहीं दे पाया है।

इसके साथ ही सिंह ने प्रधानमंत्री के हवाई चप्पल वाले को हवाई सफर की सुविधा देने की बात को भी जुमला बताया। कहा कि चंद सीटें ही सस्ती दरों पर रखी गई हैं जबकि अधिकतर सीटें 10 से 19 हजार के बीच बिक रही हैं।

कहा कि प्रधानमंत्री विकास की हवा बहने की बात कहते हैं लेकिन विकास के लिए फंड जारी नहीं करते। इसके अलावा उन्होंने वन रैंक वन पेंशन के पीएम के वायदे को भी अधूरा बताया।

झूठे केस बनाए हैं तो लड़ने के लिए कोर्ट जाएंगे ही

सीएम पर कोर्ट में ज्यादा समय बिताने के आरोप पर कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा झूठे केस बनवाए जा रहे हैं। कहा कि अगर किसी पर झूठे मुकदमे बनाए जाएंगे तो यह उसका हक है कि वह उन केस को लड़कर साफ निकले।

कहा कि देशभर के अन्य राज्यों में भी केंद्र सरकार राजनीतिक लड़ाई के बजाय सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कांग्रेस को मिटाने के लिए कर रही है। कहा कि कांग्रेस को जितना मिटाने का प्रयास किया जाएगा वह उतना ही आगे बढ़ेगी।

फिर दोहराई जिताऊ प्रत्याशी को टिकट देने की बात
विक्रमादित्य ने कहा कि पूर्व सीएम विधायकों और मंत्रियों के भाजपा में शामिल होने की बात कहते रहे हैं लेकिन उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा। कहा कि प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और हम सब मिलकर मजबूती और एकता के साथ चुनाव में काम करेंगे और फिर सरकार बनाएंगे।

हालांकि फिर दोहराया कि पार्टी को इस बार चुनाव में सिर्फ जीतने वाले प्रत्याशियों को ही टिकट देना चाहिए। कहा कि कुछ वर्तमान विधायक जिनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी हैं, उनको लेकर भी पार्टी को सख्त निर्णय लेने की जरूरत है। 
विज्ञापन

हिमाचल की हवा साफ, नहीं चाहिए दूषित हवा

इसके अलावा उन्होंने पीएम द्वारा यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली की ताजी हवा हिमाचल आने की बात पर कहा कि हिमाचल में पहले से ही हवा साफ है। ऐसे में यूपी दिल्ली की दूषित और भ्रष्टाचार युक्त हवा हिमाचल वासियों को नहीं चाहिए।

कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की बात करते हैं तो वह साफ करें कि हिमाचल में वह किसे साफ छवि का मानते हैं। धूमल परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार के मामलों से घिरे हैं उन्हें साफ छवि का बताना गलत होगा।

बागवानों को भी भ्रमित कर गए पीएम
विक्रमादित्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में बागवानों को भी भ्रमित कर दिया। कहा कि कोक या पेप्सी जैसी कंपनियां अपने पेय पदार्थों को निर्धारित फार्मूले पर बनाती है और वह किसी क्षेत्र विशेष के लिए अपने फार्मूले को कभी भी नहीं बदलती।

कहा कि अगर सही मायने में पीएम किसानों बागवानों की मदद करना चाहते, तो वह प्रदेश सरकार द्वारा कोल्ड स्टोर चेन खोलने के लिए भेजे प्रस्ताव को मंजूर कर देते। कहा कि टूरिज्म की अपार संभावनाओं की बात मंडी से लेकर शिमला तक की रैली में की लेकिन दोनों ही जगह इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की।
  धूमल ने नहीं दिया चिट्ठी का जवाब
युकां अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व सीएम प्रो प्रेम कुमार धूमल ने आरोप लगाया था कि शराब के ठेकों में हमारे परिवार का भी हिस्सा है। इस पर मैंने चिट्ठी लिखकर उनसे प्रूफ मांगा था लेकिन अब तक उन्होंने जवाब नहीं दिया है। कहा कि बेवरेजेस लिमिटेड कंपनी हिमाचल के अलावा तमिलनाडु और दिल्ली में है और हिमाचल में इसके गठन के बाद से प्रदेश को आर्थिक रूप से फायदा ही हुआ है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें