हाईकोर्ट की तरफ से सरकार से जवाबतलब करने के बाद महिलाओं को गायनी ओपीडी दोबारा केएनएच में शुरू होने की है उम्मीद
विज्ञापन
16 अप्रैल को पूरी तरह आईजीएमसी शिफ्ट कर दी है ओपीडी आदित्य सोफत
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) से शिफ्ट की गई गायनी ओपीडी हाईकोर्ट के फैसले तक इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में ही संचालित होगी।
मामला उच्च न्यायालय में होने से अभी इसे दोबारा केएनएच शिफ्ट करने के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि महिलाओं को हाईकोर्ट के रुख के बाद गायनी ओपीडी के दोबारा केएनएच में शुरू होने की उम्मीद जगी है। इसका फायदा सीधे तौर पर सरकार के फैसले का विरोध कर रही महिलाओं को होगा। वहीं महिलाओं को उपचार करवाने में फिर से आसानी हो जाएगी। मामले में उच्च न्यायालय की ओर से दिए जाने वाले फैसले के इंतजार में महिलाओं की नजरें टिकी हैं। अमर उजाला ने कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी शिफ्ट करने और महिलाओं को हो रही समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। अब न्यायालय ने भी इस मामले में सरकार से जवाब मांगा है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि एक अप्रैल को केएनएच से गायनी ओपीडी को आईजीएमसी में शिफ्ट किया था। इसके बाद दोनों अस्पतालों में ओपीडी चलाई जा रही थी। इस बीच 16 अप्रैल को सरकार ने नया फरमान जारी कर और गायनी ओपीडी तथा वार्ड को आईजीएमसी में ही शिफ्ट कर दिया। इसके बाद से कमला नेहरू अस्पताल में गायनी से संबंधित उपचार बंद हो गया और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। अब कुछ दिन पहले सरकार की ओर से मातृ एवं शिशु अस्पताल को भी डेंटल कॉलेज भवन में शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसे लेकर दो विभागों की कमेटी भी बनाई थी। हाल ही में कमेटी ने रिपोर्ट को सबमिट किया लेकिन अब प्रस्ताव पर भी सवाल खड़े किए हैं।
102 साल पुराना अस्पताल, जुड़ी हैं कई यादें कमला नेहरू अस्पताल 102 वर्षों से महिलाओं के उपचार में सार्थी बना हुआ है। अस्पताल के पास 12 बीघा भूमि है। इस अस्पताल से महिलाओं की कई यादें भी जुड़ी है। मुख्य रूप से महिलाओं से संबंधित रोगाें के इलाज के लिए जाना जाता है। हजारों महिलाएं हर महीने यहां उपचार करवाती हैं। इसमें वर्तमान में प्रसूता और ओबीजी से संबंधित महिला मरीजों को सुविधाएं मिलती हैं। इसके साथ अस्पताल में अलग से टेस्ट लैब, स्पेशल वार्ड और अल्ट्रासाउंड की भी सुविधा है। दो ओटी अस्पताल में है। तीसरे चरण में विकास कार्य अस्पताल में होने प्रस्तावित है।
चिकित्सक भी कर रहे थे विरोध
कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी को आईजीएमसी में शिफ्ट होने के बाद चिकित्सक भी विरोध कर रहे थे। चिकित्सक संघ ने भी सरकार के फैसले का विरोध किया था। इसके साथ केएनएच कर्मचारी संघ की ओर से भी रोष व्यक्त किया था। बीते दिनों से केएनएच में स्टाफ काले बिल्ले लगाकर कार्य कर रहे हैं।