प्रसव और गायनी के मरीजों की ओपीडी सेवा केएनएच में ही मिलेगी, दस मार्च से लागू होगी नई व्यवस्था
विज्ञापन
डॉक्टर तय करेंगे किस मरीज की होगी रोबोटिक सर्जरी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) की गायनी मरीजों की रोबोटिक सर्जरी आईजीएमसी में होगी। दस मार्च से यह नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इससे केएनएच आने वाली महिला मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी।
11 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ करेंगे। कमला नेहरू अस्पताल में आने वाले गायनी से संबंधित मामलों की रोबोटिक सर्जरी भी आईजीएमसी में करवाने का फैसला लिया है। केएनएच के डॉक्टर ऐसे मामलों को जरूरत के अनुसार आईजीएमसी रेफर करेंगे। दस मार्च से ही केएनएच में यह नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इन महिला मरीजों के लिए आईजीएमसी में भर्ती की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। साथ ही देखभाल के लिए स्टाफ की तैनाती भी की जा रही है। इसको लेकर विभाग और अस्पताल के स्तर पर तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन
आईजीएमसी में अन्य सर्जरी के अलावा गायनी की सर्जरी भी रूटीन में की जानी है, इसके लिए केएनएच से आने वाले मरीजों के लिए आईजीएमसी में अलग से बिस्तरों की व्यवस्था की जा रही है। इसमें सर्जरी से पहले और सर्जरी के बाद मरीजों को रखकर उनकी देखभाल की जाएगी। इस नई शुरू हो रही व्यवस्था को लेकर पूरे कमला नेहरू अस्पताल को शिफ्ट किए जाने की चर्चा भी चल रही है, लेकिन अभी ऐसा कुछ होने नहीं जा रहा है।आईजीएमसी में सिर्फ गायनी के रोबोटिक सर्जरी वाली महिला मरीजों को भेजकर एडमिशन दी जाएगी। प्रसव से संबंधित हर तरह की सर्जरी केएनएच में ही होंगी। इसके अलावा अन्य सामान्य सर्जरी कमला नेहरू अस्पताल में पहले की तरह जारी रहेगी। आईजीएमसी में शुरू हो रही रोबोटिक सर्जरी की सुविधा केएनएच में उपचार करवाने आने वाली महिलाओं को मिले, इसके लिए महिला अस्पताल के चिकित्सक ही रोबोट से होने वाले ऑपरेशन के मामलों को आईजीएमसी भेजना शुरू करेंगे।
केएनएच में पूर्व की तरह जारी रहेगी सेवाएं
कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में पहले की तरह गायनी और प्रसव संबंधित मामलों की ओपीडी और रूटीन उपचार की सुविधा जारी रहेगी, इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। यहीं पर प्रदेशभर से आने वाली महिला रोगियों का ओपीडी में उपचार और जांच होगी। इसके बाद तय होगा कि गायनी के कौन से मरीज रोबोटिक सर्जरी के लिए आईजीएमसी में रेफर की जाएंगी। कमला नेहरू अस्पताल के एमएस डॉ. सुंदर सिंह नेगी के अनुसार आईजीएमसी में सिर्फ गायनी की रोबोटिक सर्जरी के मामले भेजे जाएंगे। इन्हें ही आईजीएमसी में सर्जरी के लिए भर्ती किया जाएगा। वहां पर कमला नेहरू अस्पताल का स्टाफ ही मरीजों की देखरेख करेगा। इस नई व्यवस्था को जल्द शुरू किया जा रहा है।