शिमला आइस स्केटिंग रिंक में स्केटर्स।
- फोटो : संवाद
आइस स्केटिंग रिंक शिमला में मंगलवार को छह साल बाद हुए जिमखाना में आइस हॉकी समेत कई तरह के मुकाबले करवाए गए। इसमें स्केटर्स ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुबह के सत्र में हुए हॉकी मैच में आइस हॉक टीम ने किंग्स टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शिमला आइस स्केटिंग रिंक के सचिव मनप्रीत सेंबी ने बताया कि जिमखाना में करीब 80 स्केटर्स ने अलग-अलग स्पर्धाओं हिस्सा लिया। मुकाबले देखने के लिए स्केटर्स के अभिभावक भी कड़ाके की ठंड के बावजूद रिंक पहुंचे और उनका उत्साह बढ़ाया।
आइस हॉकी मैच में आइस हॉक टीम ने किंग्स टीम को 5-3 से हराया। आइस हॉक टीम के कप्तान रजत मल्होत्रा रहे। आइस रेस के मुकाबलों में छह साल से कम आयु वर्ग में शरवी सूद प्रथम,साहना सिंह द्वितीय, निधिश कुठियाला व दैविक गुप्ता तृतीय रहे। अंडर-10 आयु वर्ग में लड़कों की रेस में विहान कुमार प्रथम, विराज गर्ग द्वितीय, यशवर्धन ठाकुर तृतीय रहे। लड़कियों में एवलीन नेगी प्रथम, आदिवित्य सिंह कंवर द्वितीय और पावनी कुठियाला तृतीय रहीं। अंडर-14 में लड़कों में आर्य भट्ट पहले, आदित्य वर्मा दूसरे और तानिश शर्मा तीसरे स्थान रहे। लड़कियों में वैष्णवी कुठियाला प्रथम रहीं।
आराध्य दूसरे और अलाइजा भट्ट तृतीय रहीं। अंडर-18 में लड़कों में जसराज सिंह सेंबी ने पहला, मोक्ष शर्मा ने दूसरा, कार्तिक ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर लड़कियों में ज्वायन मेरी ने पहला, गुरनूर कौर सेंबी ने दूसरा और रीतिका ठाकुर ने तीसरा स्थान पाया। सीनियर बॉयज में अवि भारद्वाज, तानिश भारद्वाज और आर्य कुठियाला ने क्रमश: पहला दूसरा और तीसरा स्थान पाया। फिगर स्केटिंग में वैष्णवी कुठियाला ने पहला, ज्वायन मेरी ने दूसरा और गुरनूर कौर सेंबी ने तीसरा स्थान पाया।
जोसिप ब्रोज टिटो ने भेंट की थी आइस हॉकी ट्राॅफी
यूगोस्लाविया के प्रेसिडेंट रहे जोसिप ब्रोज टिटो ने 1950 के दशक में शिमला आइस स्केटिंग में आकर आइस हॉकी ट्राॅफी ऐतिहासिक आइस स्केटिंग क्लब को भेंट की थी। तब से लेकर आज तक वार्षिक जिमखाना आयोजन में आइस हॉकी का मैच करवाकर विजेता टीम को मार्शल टिटो ट्राॅफी से सम्मानित किया जाता है।