श्री गुरू नानक देव जी महाराज का 546वां पावन प्रकाश उत्सव 20 से 23 नवंबर तक गुरुद्वारा साहिब बालूगंज में मनाया जाएगा। इस चार दिवसीय भव्य आयोजन के तहत शनिवार को सुबह छह बजे बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा से पंच प्यारों की अगुवाई में बालूगंज गुरुद्वारे तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
गुरुद्वारा साहिब बालूगंज के अध्यक्ष सरदार गुरसागर सिंह चौधरी ने बताया कि बालूगंज स्थित गोपाल मंदिर के पास प्रभात फेरी का स्वागत किया जाएगा। गोपाल मंदिर से प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब बालूगंज पहुंचेगी। यहां कीर्तन के बाद निशान साहिब की सेवा की जाएगी। आयोजन की शुरूआत वीरवार सुबह 11 बजे सुखमणी साहिब के पाठ और कीर्तन से होगी।
शुक्रवार से गुरुद्वारा साहिब बालूगंज में गुरू ग्रंथ साहिब का तीन दिवसीय अखंड पाठ शुरू होगा। रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक अखंड पाठ साहिब का भोग होगा। इस मौके पर कीर्तन आसा दी वार और गुरवाणी विचार हेड ग्रंथी हरजीत सिंह जी करेंगे।
दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक स्वर्ण मंदिर अमृतसर के हजूरी रागी भाई सुखबीर सिंह जी गुरवाणी कीर्तन करेंगे।इस मौके पर गुरू का लंगर भी लगाया जाएगा। आयोजन में गुरुद्वारा पाराचिनार सभा सहित शहर के सभी गुरुद्वारों की प्रबंधन समितियां सहयोग करेंगी।