गुडि़या प्रकरण में संदिग्धों के सैंपल लेने का सिलसिला जारी है। सीबीआई ने आईजीएमसी शिमला में तीन संदिग्धों के ब्लड सैंपल लिए। तीनों चिरानी बताए जा रहे हैं। यह हलाइला के जंगल में चिरान का काम करते हैं। मजदूर बाहरी राज्य के बताए जा रहे हैं। सैंपल लेने के बाद इन्हें जांच के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है।
बहुचर्चित गुडि़या मामले में जल्दी ही नया खुलासा हो सकता है। सीबीआई कुछ नई गिरफ्तारियां भी कर सकती है। अहमदाबाद में चल रही पांच आरोपियों की ब्रेन मैपिंग में कुछ नई परतें खुल सकती हैं। सीबीआई ने 21 सितंबर को हिमाचल हाईकोर्ट में इस मामले की जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी देनी है।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई को इस मामले में कुछ लीड मिली है। इसी क्रम में कुछ और लोगों के भी रक्त के नमूने लिए जा रहे हैं। इनका गुडि़या के डीएनए से मिलान किया जा रहा है। सीबीआई गुडि़या मामले में पकड़े गए पांचों आरोपियों को लेकर अहमदाबाद चली गई है। वहां उनका ब्रेन मैपिंग टेस्ट हो रहा है।
इस टेस्ट से पुलिस ने जो गुडि़या मामले की कहानी बनाई थी, वह कितनी सही या गलत है, उसके सबूत भी पुष्ट हो जाएंगे। चूंकि, सीबीआई के पास इस मामले की छानबीन के लिए 21 सितंबर तक का समय है, इसलिए माना जा रहा है कि सीबीआई जल्द किसी नतीजे तक पहुंच सकती है। हालांकि, सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौड़ ने बताया कि इस मामले में सीबीआई अभी कुछ नहीं कहेगी।