हिमाचल की सियासत का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाने वाले बहुचर्चित गुड़िया दुष्कर्म व हत्याकांड की जांच पर उठ रहे सवालों के बीच सीबीआई ने बड़ी कवायद की है। सीबीआई ने गुड़िया के पिता से संपर्क कर उन्हें अब तक की जांच की विस्तार से जानकारी दी है। आश्वासन दिया है कि मामले में समय-समय पर उन्हें जांच से अवगत करवाया जाएगा।
सीबीआई ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब गुड़िया हत्याकांड में सिर्फ एक चरानी के शामिल होने की उसकी थ्योरी पर हर ओर से सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों ने पहले ही एक व्यक्ति की ओर से घटना को अंजाम देने पर सवाल उठाए हैं।
हाल ही में गांधीनगर की फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट के बाद तो सीबीआई जांच सवालों के घेरे में आ गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि एक से अधिक आरोपियों ने दुराचार और हत्या को अंजाम दिया है।
गुड़िया के पिता ने मुख्यमंत्री जयराम से मुलाकात कर किसी और एजेंसी से जांच कराने की सिफारिश तक कर दी। दावा किया कि मामले की जांच में एक व्यक्ति नहीं हो सकता। सीबीआई जांच में लीपापोती में जुटी है। परिजनों के जांच पर सवाल उठाते ही सीबीआई ने पिता से संपर्क कर उन्हें अब तक की जांच से अवगत कराया है।
सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने आश्वासन दिया है कि वह अभी भी मामले की जांच कर रही है। कुछ और लोगों की भूमिका को परख रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि मामले में सीबीआई कुछ और नए खुलासे कर सकती है।