एक जुलाई से हिमाचल समेत देशभर में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) लागू होने के बाद केबल ऑपरेटरों ने भी मासिक किराया बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि जून महीने का किराया जुलाई में चुकाने पर भी जीएसटी के नाम पर 10 से 15 रुपये ज्यादा की वसूली की जा रही है।
जीएसटी लागू होने से किराए पर कितना असर पड़ा है, इसकी जानकारी उपभोक्ताओं के पूछने पर भी नहीं दी जा रही। सिनेमाघर संचालक भी जीएसटी लागू होने के बावजूद अब भी लोगों से मनोरंजन कर वसूल रहे हैं।
जीएसटी लागू होने के बाद प्रदेश में सर्विस टैक्स और मनोरंजन कर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन प्रदेश में केबल ऑपरेटर और सिनेमा संचालक अब भी मनमानी कर रहे हैं। सरकार का दावा था कि जीएसटी लागू होने पर केबल नेटवर्क पर कर कम हो जाएगा, लेकिन ऑपरेटरों ने दस रुपये बढ़ा दिए हैं।