पूर्व मंत्री बाली ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल में कांग्रेस के गॉडफादर हैं। वे एक सवाल का जवाब दे रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी वीरभद्र को प्रदेश कांग्रेस का गॉडफादर बताकर उनकी संगठन में अहम भूमिका पर जोर दे चुकी हैं।
इस पर बाली बोले - प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा वीरभद्र सिंह हैं। यहां उन्हें पार्टी का गॉडफादर ही माना जा सकता है। बाली ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार के समय नियुक्त किए गए बेरोजगार युवाओं को नौकरी से निकाल रही है।
तकनीकि शिक्षा विभाग में आईएमसी पालिसी के तहत रखे गए बेरोजगार युवा निकाल दिए गए। उनकी जगह भाजपा ने नए युवा नौकरी पर रख लिए। यह नीति बेरोजगार युवाओं से धोखा है।
उन्होंने मन बनाया है कि प्रदेश सरकार जिन बेरोजगार युवाओं को नौकरी से निकाल रही है। अदालत में इन बेरोजगार युवाओं के केस लड़ने के लिए वह एक टीम बनाकर मदद करेंगे। इसमें वह कुछ वकीलों की मदद लेंगे।
बाली ने कहा कि परिवहन मंत्री जनता के सामने बताएं कि पिछले आठ महीने में एचआरटीसी ने कितने खर्चे किए और कितना लाभ कमाया। मंत्री यह भी बताएं कि एचआरटीसी ने आठ महीने में कितने बस रूटों का समय बदला।
प्रदेश में वॉल्वो बसों के रूट निजी हाथों में दे दिए गए। इससे एचआरटीसी को नुकसान हो रहा है। प्राइवेट बसों को लाभ देने के लिए सरकारी बसों के रूट बदले जा रहे हैं। सरकार के परिवहन मंत्रालय को इसका लेखा-जोखा पब्लिक करना चाहिए ताकि लोगों को भी सच पता चल सके।