हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में पूछे गए एक गलत प्रश्न के लिए अभ्यर्थियों को एक अंक ग्रेस मार्क्स के रूप में दिया जाएगा। इससे भर्ती परीक्षा में बैठे 39,259 अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने दो सवाल गलत पूछे जाने का दावा किया था, जिसके बाद पुलिस विभाग ने इसकी जांच की। जांच में पाया गया है कि दो नहीं, बल्कि एक प्रश्न गलत था।
इसके बाद पुलिस महकमे ने विशेषज्ञों की सलाह लेने के बाद सभी परीक्षार्थियों को एक अंक बतौर ग्रेस मार्क्स देने का फैसला लिया है। डीजीपी सीताराम मरडी ने धर्मशाला में इसकी जानकारी दी।
अमर उजाला ने 10 सितंबर के अंक में लिखित परीक्षा में गलत प्रश्न पूछने का मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद पुलिस विभाग ने इस मामले में छानबीन की।
कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में प्रश्न नंबर नौ का उत्तर 476 था, जबकि ऑप्शन में 525, 729, 602 और 582 दिया गया था। इस प्रश्न के बदले अब परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों को एक अंक ग्रेस मार्क्स के रूप में मिलेगा।