हिमाचल में नई पंचायतों के गठन को लेकर सरकार शीघ्र अंतिम फैसला लेगी। मंत्री स्तर की बैठक में पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद सरकार से सिफारिश की जाएगी। सरकार के पास नई पंचायतों के गठन के प्रदेश भर से करीब साढ़े 400 प्रस्ताव आए हैं। प्रदेश में पिछली बार नए नगर निगम बनने के बाद पंचायतों की संख्या घटकर 3226 रह गई थी। इस बार साढ़े 400 नई पंचायतों के गठन के प्रस्ताव सरकार के पास पहुंचे हैं। सरकार ने नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया शुरू ही की थी कि लॉकडाउन लग गया। इसके बाद यह मामला लंबित पड़ गया। राज्य में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव 22 जनवरी, 2021 से पहले कराना अनिवार्य है, क्योंकि पांच साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव समय पर कराने की बात कही है।