हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने छापा मार कर एक मंदिर परिसर में रखे सरकारी चावल की खेप बरामद की है। यह चावल खाद्य आपूर्ति विभाग का है और इसे पांगी उपमंडल के लिए भेजा जाना था।
मंदिर के गोदाम में सरकारी चावल के 850 बैग मिलने से हड़कंप मच गई है। प्रत्येक बैग 50 किलो का है। ये बैग करीब 40 दिनों से यहां पड़े थे। विजिलेंस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर कर दी है। चावल की खेप को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विजिलेंस कुल्लू ने डीएसपी अजय कुमार की अगुवाई में एक गुप्त सूचना के आधार पर रामशिला स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के परिसर पर छापा मारा। यहां सिविल सप्लाई के चावल के 850 बैग बरामद किए। चावल के ढेर देखकर टीम के अधिकारी भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि 42 टन चावल पीडीएस के तहत पांगी उपमंडल को आपूर्ति होना था।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि चावल की यह खेप एफसीआई के गोदाम से 20 सितंबर को निकली थी। 40 दिन से भी अधिक समय से सरकारी चावल एक निजी जगह पर होने से कई सवाल उठ रहे हैं। सर्दी का मौसम शुरू हो गया है और पांगी के लोगों को सर्दी के लिए चावल सप्लाई नहीं हो पाया। किस वजह से चावल के 850 बैग को रखा गया था, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
विजिलेंस टीम ने शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे के बाद छापा मारा और सरकारी चावल बरामद किया। एफसीआई के गोदाम से चावल 20 सितंबर को ही निकल गया था। अब इसे यहां क्यों रखा गया था, इस बारे में आगामी जांच की जा रही है।-अजय कुमार, डीएसपी विजिलेंस कुल्लू