फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध पार्किंग पर सरकार सख्त, 24 घंटे में येलो लाइन पार्किंग की सुविधा देने के आदेश

Mon, 01 Jul 2019 10:56 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राजधानी के लोअर खलीनी में सोमवार को हुए बस हादसे के बाद सरकार अवैध पार्किंग पर हरकत में आ गई है। शहर में सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी करने पर पूर्ण रोक लगा दी है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार शाम अधिकारियों की बैठक ली।

विज्ञापन


इसमें उपायुक्त शिमला अमित कश्यप और नगर निगम आयुक्त पंकज राय के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रशासन से शहर के लिए पार्किंग का प्लान मांगा। आयुक्त ने करीब साढ़े 11 हजार वाहनों के लिए तैयार की गई येलो लाइन पार्किंग का प्लान सीएम के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नगर निगम इसका ब्यौरा तुरंत जिला प्रशासन को दें और मंगलवार से ही शहर में इनकी सुविधा लोगों को दी जाए। जिला प्रशासन को मंगलवार को ही इस पार्किंग की अधिसूचना जारी करने को कहा गया है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए। स्कूली बच्चे जिस स्टॉपेज पर रुकते हैं, उसके 50 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन की पार्किंग पर पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस प्रशासन को व्यवस्था देखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सेटबैक के दायरे में निजी पार्किंग विकसित करने के पहलू पर भी विचार करेगी। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, परिवहन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने भी सुझाव दिए।

हर वार्ड में बनाओ पार्किंग

- फोटो : अमर उजाला
बैठक में मेयर कुसुम सदरेट, डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, मुख्य सचिव बीके अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने वार्ड स्तर पर भी पार्किंग सुविधा देने के लिए नगर निगम को प्रपोजल तैयार करने को कहा है।

निगम आयुक्त को वार्डों में जगह चिन्हित करने को कहा है, जहां लोहे के एंगल लगाकर पार्किंग तैयार की जा सकती है। पार्षदों को दस दिन के भीतर इसके प्रपोजल नगर निगम को देने होंगे। हर वार्ड में सौ सौ वाहनों के लिए पार्किंग बनाने को कहा है।

उपायुक्त शिमला अमित कश्यप का कहना है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में जो दिशा निर्देश जारी किए हैं, उन्हें मंगलवार से ही लागू कर दिया जाएगा। कहा कि अवैध पार्किंग पर सख्ती के लिए पुलिस को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। 
विज्ञापन

मृतकों के परिवारों को पांच लाख की मुआवजा राशि

-सड़कों पर एकतरफ ही येलो लाइन पार्किंग लगेगी
-शहरभर में पार्किंग और नो पार्किंग जोन के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे
-10 जुलाई तक प्रशासन को छोटी पार्किंग के लिए भी जगह चिन्हित करनी होंगी
-सरकारी विभागों को अपने परिसर में ही तैयार करनी होगी पार्किंग सुविधा
-सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए सरकार अभियान चलाएगी


मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों का निशुल्क उपचार करने को लेकर भी विभाग को दिश निर्देश जारी किए हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें