केंद्र सरकार ने कहा है कि नैफेड के माध्यम से स्कूली बच्चों को गुणवत्ता युक्त और पौष्टिक तत्वों वाली दालें दोपहर के भोजन में मिलने से भोजन का स्तर उच्च होगा। किराना दुकानों में दालों की कई किस्में मिलती हैं।
इनमें पौष्टिकता भी कम होती है। ऐसे में केंद्र सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील के प्रभारियों को अब किराना दुकानों से खरीद करने की अनुमति नहीं देने का फैसला लिया है। इसके अलावा नैफेड से खरीदे जाने वाले सामान की पेमेंट भी नकद तरीके से नहीं होगी।
स्कूल प्रभारियों को ऑनलाइन बैंकिंग, एनईएफटी या आरटीजीएस के माध्यम से ही पेमेंट करनी होगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया है कि सभी जिलों को केंद्र सरकार की नई व्यवस्था से अवगत करवा दिया है।