स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी निकायों के जरिये नागरिकों को शौचालय निर्माण के लिए सरकार अनुदान राशि देगी। लोग इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए लोगों को कुछ औपचारिकताएं पूरी करके अपने शहरी निकाय कार्यालय में आवेदन करना होगा।
हालांकि, यह अनुदान राशि उन्हीं लोगों को मिलेगी, जिन्होंने पहले अपने यहां पर शौचालय का निर्माण नहीं किया है। यह अनुदान राशि साढ़े पांच हजार रुपये होगी। नागरिकों को इसके लिए आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज की फोटो, आधार कार्ड और बैंक अकाउंट नंबर आईएफएससी कोड का ब्योरा देना होगा।
आवेदन मिलने के बाद शहरी निकाय कार्यालय के कर्मचारी आवेदनकर्ता के घर जाकर देखेंगे कि उसने पहले शौचालय बनाया है या नहीं। यदि नहीं बनाया होगा तो उसे शौचालय निर्माण के लिए कहा जाएगा और निर्माण कार्य पूरा होने पर शहरी निकाय कार्यालय को सूचित करना होगा। निर्माण के बाद टीम मौके का मुआयना करेगी। तत्पश्चात अनुदान राशि को आवेदनकर्ता के बैंक खाते में डाल दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अभी शहरी क्षेत्र में कई नागरिकों ने शौचालयों का निर्माण नहीं किया है। इससे सरकार के स्वच्छ भारत मिशन पूरा होने में देरी हो रही है। अनुदान राशि लेने के लिए नागरिक तुरंत अपने शहरी निकाय कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। नगर परिषद देहरा के कार्यकारी ईओ महेश दत्त ने इसकी पुष्टि की है।