सिक्किम दौरे से लौटते ही राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजधानी शिमला में पीलिया फैलने से बिगड़े हालात पर अफसरों को तलब किया। उन्होंने स्वास्थ्य, आईपीएच विभाग के अधिकारियों को राजभवन बुलाकर पीलिया को तुरंत नियंत्रण करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर स्थिति स्पष्ट की। मुलाकात के बाद राज्यपाल ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना तो की लेकिन दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत के हिमाचल लौटते ही राजभवन में हलचल शुरू हो गई। उन्होंने राजभवन के अधिकारियों से पीलिया पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी लेने के बाद स्वास्थ्य और आईपीएच विभाग के अधिकारियों को तलब किया। अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनता को साफ पानी उपलब्ध कराने और बीमार लोगों को हर संभव स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।