मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने शराब पर सेस लगाकर प्रति बोतल एक रुपया लेकर गो सेवा के लिए 8.50 करोड़ रुपये राजस्व जुटाया है। उन्होंने सेस देने के लिए शराबियों का धन्यवाद भी चुटकीले अंदाज में किया। कहा - आपका भी गो संवर्धन में योगदान है। सीएम मंगलवार को हरे कृष्णा गोशाला मलकूमाजरा में आयोजित जनसभा में संबोधित कर रहे थे।
जनसभा में सीएम ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेताओं पर भी जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत सरकार बनी है। लेकिन विपक्ष के कुछ मित्रों ने शुरू से ही उनके बारे में अनाप-शनाप राग अलापना शुरू कर दिया। कहा कि यह सीएम नहीं चलेगा या यह एक्सीडेंटल सीएम है। लोकसभा चुनाव आए तो फिर कांग्रेस के नेताओं ने शोर शराबा करना शुरू कर दिया ताकि कोई कमी निकाली जाए लेकिन जब भाजपा ने चारों सीटें जीतीं तो इन कांग्रेसी मित्रों का हल्ला गुल्ला बंद हो गया।
सीएम ने जनसभा में बैठे लोगों को लोटपोट करते हुए कहा कि लोस चुनाव के बाद आजकल कुछ शांति है। अब दोनों विस उपचुनावों के समय भी हमारे व सरकार के विरुद्ध खूब हो हल्ला हुआ लेकिन यह दोनों सीटें भी हम ही जीतेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे जाखू मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर में प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले सुबह साढ़े नौ बजे शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी मंदिर आए और पूजा की। इस अवसर पर उपायुक्त अमित कश्यप व शहरी एसडीएम नीरज चांदला मौजूद रहे