आरटीओ दफ्तर में काम करवाने के लिए अब दलालों की जेबें गर्म नहीं करनी पड़ेंगी। परिवहन विभाग से संबंधित सभी काम अब ट्रांसपोर्ट सर्विस प्रोवाइडर करेंगे। इसकी एवज में सर्विस प्रोवाइडर को निर्धारित फीस देनी होगी।
विभाग ने 21 सितंबर को लिखित परीक्षा ली थी, जिसे 401 ने पास कर लिया है। 16 अक्तूबर को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ है। विभाग इन्हें 20 हजार रुपये सिक्योरिटी और 10 हजार रुपये फीस लेकर लाइसेंस दे रहा है।
परिवहन विभाग के उपनिदेशक कैप्टन रमन कुमार शर्मा ने बताया कि संबंधित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इन्हें लाइसेंस जारी करेगा। लाइसेंस धारक परिवहन विभाग की ओर से तय किए गए नियमों के आधार पर काम शुरू कर सकेंगे।
ये काम होंगे आसान
प्रार्थना पत्र लिखने, फार्म भरने के नहीं लेंगे पैसे, लोगों को बताना होगा काम की फीस का विवरण, निर्धारित समय पर पूरा करना होगा हर काम, सर्विस प्रोवाइडर की होगी दस्तावेजों की पूरी जिम्मेदारी, दस्तावेजों पर होंगे सर्विस प्रोवाइडर के हस्ताक्षर, स्टैंप भी लगानी होगी, ट्रांसपोर्ट सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए तय किए नियम
चार साल के लिए वैध होगा लाइसेंस
परिवहन विभाग की ओर से जारी होने वाला लाइसेंस चार साल के लिए वैध होगा। चार साल बाद लाइसेंस रिन्यू करवाना होगा। लाइसेंस रिन्यू करने की अतिरिक्त फीस लगेगी। यदि तय अवधि में लाइसेंस रिन्यू नहीं किया गया तो इसे रद्द माना जाएगा।
ट्रांसपोर्ट सर्विस प्रोवाइडर यदि ग्राहकों से काम की एवज में मनमानी वसूली करता है या तय समय पर काम पूरा नहीं करता तो परिवहन विभाग सर्विस प्रोवाइडर द्वारा जमा की गई सिक्योरिटी जब्त कर लेगा। सर्विस प्रोवाइडर पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना भी लगाया जाएगा।
जिलावार ट्रांसपोर्ट सर्विस प्रोवाइडर
शिमला 54
बिलासपुर 29
चंबा 19
ऊना 23
कुल्लू 28
मंडी 61
कांगड़ा 104
सोलन 49
हमीरपुर 24
सिरमौर 10
कार्य समय फीस
ड्राइविंग लाइसेंस 3 दिन में 150 डुप्लीकेट लाइसेंस 1 दिन 100, स्टेज कैरेज परमिट 2 दिन 150 रूपए, गुड्स कैरेज परमिट 2 दिन 150 रूपए, नई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन 3 दिन में 200 रूपए, गाड़ी का डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन 1 दिन में 100 रूपए, ट्रांसफर ऑफ ऑनरशिप 3 दिन में 350 रूपए, लर्निंग लाइसेंस 1 दिन में 100 रूपए, इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस 1 दिन में 100 रूपए, कंडक्टर लाइसेंस 3 दिन 100, कांट्रेक्ट कैरेज परमिट 2 दिन, 100 रूपए, टैक्सी परमिट 1 दिन 50 रुपए, गाड़ी का पुन: रजिस्ट्रेशन 5 दिन
300 रूपए, गाड़ी की फिटनेस 3 दिन 100 रूपए, पुरानी गाड़ी का एनओसी 2 दिन फीस 400 रूपए तय की गई है।