नगर निगम पालमपुर में महापौर पद के लिए गोपाल नाग को मेयर और राजकुमार को डिप्टी मेयर चुना गया है। गोपाल वार्ड छह से, जबकि राजकुमार वार्ड नंबर एक से पार्षद हैं। दोनों पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया है। गोपाल नाग 2021 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। महापौर तथा उपमहापौर पदों के लिए केवल एक-एक ही नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
महापौर के लिए पूनम बाली और अनीश नाग ने गोपाल के नाम की प्रस्तावना की, जबकि शशि डिंपल तथा नीलम मालिक ने उपमहापौर पद के लिए राज कुमार का नाम प्रस्तावित किया। चुनाव के लिए प्राधिकृत अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरव जस्सल ने महापौर पद के लिए गोपाल नाग और उपमहापौर पद के लिए राज कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
निगम चुनाव के पर्यवेक्षक एवं मुख्य संसदीय सचिव बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मेयर तथा डिप्टी मेयर पद के लिए सर्वसम्मति से चयन के लिए सभी पार्षद बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इससे पूरे प्रदेश में पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल का कद बड़ा है।
सोलन, मंडी और धर्मशाला में भी जारी रहेगा विजय अभियान : बुटेल
मुख्य संसदीय सचिव एवं पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने नवचयनित मेयर तथा डिप्टी मेयर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पालमपुर नगर निगम से विजय का जो सिलसिला आरंभ हुआ है, वह मंडी, धर्मशाला और सोलन में भी जारी रहेगा। कहा कि पालमपुर में राजनीतिक विरोधी जातिवाद का शोर मचाकर लोगों को बांटना चाहते हैं। लेकिन पालमपुर में ऐसा कभी नहीं हुआ है।