पर्यटकों के लिए खुला सनसेट व्यू कैफे
निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (एडवांस्ड स्टडीज) में वर्ष भर ऐतिहासिक धरोहर को देखने और इसके इतिहास को समझने आने वाले पर्यटकों के लिए संस्थान ने एक पहल की है। शनिवार को संस्थान के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने सनसेट व्यू कैफे का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही परिसर में पर्यटकों को घुमाने के लिए बैटरी चालित गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए वाहन की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान के ऐतिहासिक भवन के भ्रमण पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में यह पहला कदम है। सनसेट व्यू कैफे में पर्यटक बैठकर शिमला की प्राकृतिक सुंदरता का नजारा ले सकेंगे, जल-पान कर सकेंगे और विश्राम कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए गोरखा गेट से टिकट बुकिंग काउंटर तक बैटरी चालित गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की जा रही है। इसके संचालन से वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग व्यक्ति और छोटे बच्चों के साथ पर्यटक कार्ट में सफर कर सकेंगे।
संस्थान में पर्यटनों की सुविधाओं के लिए संकेतक बोर्ड, विश्राम स्थल, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी उन्नयन किया जा रहा है। निदेशक ने कहा कि संस्थान केवल शैक्षणिक केंद्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और ऐतिहासिक धरोहर का सजीव प्रतीक है। आगंतुक न केवल विरासत को देखेंगे बल्कि उसका अनुभव भी करेंगे।