शिमला जिला आबकारी एवं कराधान विभाग ने मंगलवार रात तारादेवी के पास नाके पर एक कारोबारी से बिना बिल का लाखों रुपये का सोना पकड़ा है। यह होलसेल कारोबारी अमृतसर का रहने वाला है जो परिवार के साथ पंजाब नंबर की इनोवा गाड़ी में शिमला आ रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की एक टीम ने रात करीब 8:20 बजे तारादेवी के पास इस गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी की चेकिंग की तो इसमें एक बैग में सोने के आभूषण मिले। इनकी कीमत करीब 85.86 लाख रुपये बताई जा रही है। आभूषणों में कंगन, पिन, रिंग आदि शामिल हैं। पूछताछ में कारोबारी इसके बिल नहीं दिखा पाया। विभाग ने इसे 5.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
विज्ञापन
विभाग के अनुसार यह होलसेल कारोबारी शिमला शहर के अलावा रोहड़ू तक गहनों की सप्लाई करता है। बिल के साथ काफी आभूषण की बिक्री बिना बिल के भी करने को लेकर विभाग को सूचना मिली थी। नाका लगाया तो यह रंगे हाथ पकड़ा गया। नाकेबंदी आबकारी अधिकारी पूनम, बलदेव सिंह ठाकुर की अगुवाई में की गई। जिला आबकारी अधिकारी रवि सूद ने कहा कि कर चोरी कर गहने बेचने वालों पर विभाग कड़ी निगरानी रखे हुए हैं। समय-समय पर नाकेबंदी भी की जा रही है।