हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के मणिकर्ण में ट्रैकिंग पर निकले यूपी के एक दल पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया। हादसे में एक युवती की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक युवती और दो युवक बरशैणी-खीरगंगा रूट पर ट्रैकिंग पर गए हुए थे। इस दौरान मौसम खराब होने के साथ हुई तेज हवाएं चलने से पहाड़ी से पत्थर गिरने से तीनों चपेट में आ गए। इसमें अनीश कपूर पुत्री अनिल कपूर निवासी मोहल्ला सुबोध नगर, अमरोहा, उतर प्रदेश गंभीर घायल हो गईं।
उसे उपचार के लिए जरी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मयंक और अर्जुन घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक युवती के परिजनों को सूचना दे दी है।