जर्मनी के फ्रैंकफर्ड में रोड शो के दौरान सीएम
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ड में रोड शो के दौरान वहां के उद्यमियों को हिमाचल आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय वाणिज्य दूतावास और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से राज्य सरकार की ओर से आयोजित रोड शो में कहा कि हिमाचल में पर्यटन, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, सेवा क्षेत्र, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मा, बिजली जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।
सरकार पर्यटन, आयुष, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और जल विद्युत जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए अनुकूल नीतियां तैयार कर रही है। धर्मशाला ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट-2019 में भाग लेने के लिए संभावित उद्यमियों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीट पर्यटन, आयुष एवं वैलनेस, उत्पादन, फार्मास्यूटिकल, रियल एस्टेट, जल विद्युत, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे प्रगतिशील क्षेत्रों की वृहद कड़ी पर केंद्रित रहेगी।
इससे पूर्व हिमाचल के प्रतिनिधिमंडल ने जर्मन-भारतीय राउंड टेबल के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक की। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने सबका अभिवादन किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने संभावित निवेश परियोजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार ने एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘ईज ऑफ डुईंग बिजनेस’ के संदर्भ में राज्य की तैयारी पर प्रकाश डाला।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार फ्रैंकफर्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रबंध निदेशक ग्रुल्सवर्ट रेटजिंगर ने कहा कि फ्रैंकफर्ट रसायन और फार्मास्युटिकल उद्योग, ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, माप और नियंत्रण इंजीनियरिंग जैसे उद्योग क्षेत्रों का गढ़ है। फ्रैंकफर्ट जर्मनी में भारतीय व्यापार समुदाय का केंद्र भी है। महावाणिज्य दूतावास अधिकारी प्रतिभा पारकर ने जर्मनी की वित्तीय राजधानी फ्रैंकफर्ट में होने वाले रोड शो के लिए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
सीएम ने की मेड इन जर्मनी उत्पादों की तारीफ, बोले - हम भी सीखेंगे गुणवत्ता
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने जर्मनी में रोड शो इसलिए करवाया है क्योंकि ‘मेड इन जर्मनी’ ट्रेडमार्क की गुणवत्ता विश्व विख्यात है तथा हिमाचल सरकार इसका अनुसरण राज्य में करना चाहती है।
निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, प्रधान सचिव उद्योग आबिद हुसैन सादिक, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, इंडिया ट्रैवल्स के प्रतिनिधि जॉर्ज जॉन, टीवीजी के उपाध्यक्ष मोहन जोनालगढ़ा, एमईएफटी सलाहकार सेवाओं के प्रतिनिधि डेविड गोवर, मेट्रो एजी के प्रतिनिधि मार्क एलग्जेंडर फ्रेडरिक, नेसले के प्रतिनिधि वर्गीस मैथ्यू, बलोकर एंड पार्टनर के प्रतिनिधि एंजेला क्रीयूटज और फेडरल गणराज्य जर्मनी के व्यापार समुदाय के प्रतिनिधि और 80 से अधिक उद्यमी इस अवसर पर उपस्थित रहे।