पौधे सूखने की शिकायतें मिलने के बाद बागवानी विभाग ने की नई पहल, नोटिस बोर्ड पर लगेंगे विभाग के अधिकारियों के नंबर
विज्ञापन
हजारों सेब बागवानों को होगा शेड्यूल का फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में बागवानी विभाग स्प्रे शेड्यूल को लेकर नई पहल शुरू करने जा रहा है। विभाग अब पंचायत घरों के नोटिस बोर्ड पर स्प्रे शेड्यूल लगाएगा। इसके साथ ही फील्ड अधिकारियों के नंबर भी किसानों-बागवानों के साथ साझा करेगा।
विभाग स्प्रे शेड्यूल को लेकर बागवानों को जागरूक करेगा। अधिकारियों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सेब और अन्य फलदार पौधों के मुरझाने और सूखने की शिकायतें बड़ी संख्या में आ रही हैं। इस कारण विभाग ने इस पहल को शुरू करने का फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिला के चौपाल, नेरवा, बलसन, ठियोग, रोहड़ू, रामपुर, कोटखाई और डोडरा क्वार समेत कई अन्य क्षेत्रों से भी विभाग के पास पौधों के सूखने तथा मुरझाने की शिकायतें आ रही हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि कई बागवान बिना परामर्श विभिन्न स्रोतों से कीटनाशक और फफूंदनाशक खरीद रहे हैं और अनावश्यक रूप से दवाओं को मिलाकर छिड़काव कर रहे हैं। इस कारण फसल और पौधे दोनों को नुकसान हो रहा है।
विज्ञापन
शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने फैसला लिया है कि बागवानों की सुविधा और उचित मार्गदर्शन के लिए विभाग पंचायत में प्रधानों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ तालमेल बिठाकर अधिकारी पंचायतों का दौरा करेंगे। इसके साथ ही पंचायतों में नोटिस बोर्ड पर समय के अनुसार स्प्रे शेड्यूल और विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी का नंबर भी डिस्प्ले किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि विभाग का उद्देश्य है कि बागवानों को उचित मार्गदर्शन मिले और उनके नुकसान के साथ कम किया जा सके तथा पैदावार अच्छी पैदावार सुनिश्चित हो सकें। इसके साथ ही विभाग ने बागवानों से अपील की है कि वह किसी अनधिकृत विक्रेताओं से बिना बिल के कीटनाशक अथवा अन्य कृषि रसायन न खरीदें ताकि फसलों को नुकसान न हो।
कोट
विभाग के पास जिलाभर से पौधों के सूखने और मुरझाने की शिकायतें आ रही हैं। विभाग ने फैसला लिया है कि जिले की सभी पंचायतों में नोटिस बोर्ड पर स्प्रे शेड्यूल लगाया जाएगा और साथ में विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी के नंबर भी डिस्प्ले होंगे। इससे किसानों-बागवानों को आसानी से स्प्रे शेड्यूल के बारे में जानकारी मिलेगी -सुदर्शना नेगी, उप निदेशक बागवानी विभाग