राजधानी शिमला में इस बार भी गणेश चतुर्दशी उत्सव कुछ खास तरीके से मनाया जाएगा। संकट मोचन स्थित गणपति मंदिर में गणेश चतुर्दशी पर आने वाले शुक्रवार से गणेशोत्सव शुरू होगा। ये 8 सितंबर को अनंत चतुर्दशी तक चलेगा।
गणपति मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित कीर्तिवासन ने बताया कि गणेशोत्सव के मौके पर मंदिर में साढ़े चार फीट की मिट्टी की गणेश प्रतिमा की प्रतिष्ठा की जाएगी। शुक्रवार को सुबह सात बजे गणेश पूजन के साथ गणेशोत्सव शुरू होगा।
साढ़े सात बजे गणेश हवन और साढ़े आठ बजे कलश पूजन होगा। सुबह नौ बजे मूर्ति प्रतिष्ठा की जाएगी। शुक्रवार को दोपहर बारह बजे महा आरती का आयोजन होगा। आठ सितंबर तक रोजाना 1008 बार मूर्ति की अर्चना और आरती होगी।
रोजाना दूध, दही, शहद, शक्कर, चंदन, हल्दी, गुलाब जल और गंगाजल से मूर्ति का अभिषेक होगा। अनंत चतुर्दशी के मौके पर 8 सितंबर को गणेश मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी और ततापानी में गणेश जी की मूर्ति का विसर्जन होगा।