टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस प्रोजेक्ट का डिजाइन तैयार कर रही कंपनी, हो रहा सर्वेक्षण
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 3.60 करोड़ से रिवोली मार्केट से रिज मैदान के लिए बननी है फनीकुलर ट्रॉली
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की रिवोली मार्केट से रिज मैदान जाने के लिए अब शहरवासियों को जल्द ही फनीकुलर ट्रॉली की सुविधा मिलने वाली है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोप-वे कार्पोरेशन जून से शहर की पहली सिंगल ट्रैक फनीकुलर ट्रॉली का निर्माणकार्य शुरू करने जा रहा है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 3.60 करोड़ रुपये से इस फनीकुलर ट्रॉली का निर्माण किया जा रहा है। यह ट्रॉली रिवोली मार्केट से रिज मैदान पर तिरंगे के पास तक बनेगी। रोप-वे कार्पोरेशन के अनुसार जिस कंपनी को इस प्रोजेक्ट का काम सौंपा गया है, वह सबसे पहले इसका डिजाइन तैयार करेगी। इसके लिए कंपनी ने इस क्षेत्र का सर्वेक्षण भी शुरू कर दिया है। डिजाइन तैयार होने के बाद मौके पर निर्माण शुरू हो जाएगा। जून से इसका काम धरातल पर दिखने लगेगा। एक साल के भीतर यह बनकर तैयार हो जाएगी। फनीकुलर ट्रॉली आमतौर पर तीखी ढलानदार जमीन पर बिछाया जाने वाला छोटा रेल ट्रैक है। इसमें ट्रॉली में बैठकर लोग सफर कर सकते हैं। रोप-वे कार्पोरेशन के डीजीएम मुनीष साहनी का कहना है कि जल्द ही इस प्रोजेक्ट का निर्माणकार्य शुरू करने की तैयारी है।
पहले बननी थी लिफ्ट, अब ट्रॉली बनेगी
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से रिज मैदान के लिए लिफ्ट का निर्माण होना था, लेकिन बीते साल हुई भारी बारिश के बाद इस प्रोजेक्ट में बदलाव करने का फैसला लिया गया। अब बस स्टैंड से रिवोली मार्केट के लिए तो लिफ्ट तैयार की जा रही है, लेकिन यहां से रिज के लिए फनीकुलर ट्रॉली बनाई जाएगी। इनके तैयार होने के बाद लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से रिज मैदान पहुंचने के लिए लोगों को चढ़ाई नहीं चढ़नी पड़ेगी। लिफ्ट और ट्रॉली से लोग चंद मिनट में रिज पहुंच जाएंगे।