लोगों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा चौड़ा मैदान में बुधवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रोड सेफ्टी क्लब के इस अभियान में विद्यार्थियों शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
रैली महाविद्यालय परिसर चौड़ा मैदान से शुरू होकर विधानसभा तक पहुंची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता के नारे लगाए। सेफ्टी फर्स्ट, लाइफ फर्स्ट, नियमों का पालन करें, जीवन बचाएं और सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है जैसे नारों से पूरे मार्ग में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया।रैली की शुरुआत प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान की अगुवाई में हुई। विद्यार्थियों और स्टाफ ने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रोड सेफ्टी समिति के संयोजक डॉ. पीडी कौशल, डॉ. कामिनी और डॉ. अजय उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। रैली में महाविद्यालय के करीब सौ विद्यार्थियों ने भाग लेकर सुरक्षित यातायात का संदेश समाज तक पहुंचाया।