हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार देर रात से हो रही बारिश और बर्फबारी शनिवार सुबह तक जारी रही। सूबे की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है जिससे कई जनजातीय इलाकों में यातायात ठप हो गया है। रोहतांग समेत ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई है।
वहीं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हुई है। शिमला में भी सुबह दस बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। यहां सुबह के समय तेज बारिश भी हुई जिससे स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश, बर्फबारी होने के बावजूद प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक कमी दर्ज नहीं की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है।
जानिए कहां कैसा रहा मौसम का हाल?
जिला चंबा के भरमौर, होली में बारिश हुई जबकि पर्यटन नगरी खज्जियार और डलहौजी में मौसम शुष्क बना रहा। रामपुर और किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
बिलासपुर जिला में शुक्रवार को आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्र चूड़धार में हल्की बर्फबारी एवं निचले क्षेत्र हरिपुरधार, बोगथार में बूंदाबांदी रिकार्ड की गई। सोलन जिला में मौसम दिनभर बदलता रहा। कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे।
शुक्रवार को शिमला में अधिकतम तापमान 15.2, सुंदरनगर में 17.4, भुंतर में 13.5, कल्पा में 7, धर्मशाला में 16.2, ऊना में 23.6, नाहन में 25.7, सोलन में 21.5, कांगड़ा में 22 और मनाली में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान शिमला में 8.3, केलांग में माइनस 1.2, कल्पा में माइनस 0.8, मनाली में 5.6, पालमपुर में 12, चंबा में 9.2, बिलासपुर में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।