फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में ताजा हिमपात, चोटियों पर बिछ गई सफेद चादर

Sat, 02 Nov 2019 10:22 AM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/कुल्लू/भरमौर
विज्ञापन
रोहतांग दर्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही हिमाचल में मौसम बदल गया है। शुक्रवार को रोहतांग में फाहे गिरे, जबकि भरमौर और पांगी में ढाई सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे।

विज्ञापन


शनिवार और रविवार को भी प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। चार और पांच नवंबर को मौसम साफ रहेगा। छह और सात नवंबर से दोबारा मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।

जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची पहाड़ियों में शुक्रवार को हल्की बर्फबारी हुई। रोहतांग के साथ कुंजुम दर्रा और बारालाचा की चोटियों पर दोपहर बाद फाहे गिरे। हालांकि, शुक्रवार को रोहतांग और कुंजुम दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही जारी रही। 
विज्ञापन


कुल्लू और मनाली में दोपहर बाद बादल छाए रहे। जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी की ऊंची पहाड़ियों में शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। भरमौर की ऊपरी चोटियों जालसू, मणिमहेश, इंद्रहार, कुगति, काली छौ में बर्फबारी होने से क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। राजधानी शिमला में सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर बाद शहर में बादल छाने से ठंड बढ़ गई। 

उधर, प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध पड़ना शुरू हो गई है। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.7, कल्पा में 3.8, मनाली में 4.2, कुफरी में 8.6 और शिमला में 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। 

शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 30.5, बिलासपुर में 28.0, हमीरपुर में 27.6, कांगड़ा में 27.0, सोलन में 26.4, सुंदरनगर में 26.1, नाहन में 25.7, चंबा में 24.0, धर्मशाला में 22.6, शिमला में 20.4, कल्पा में 18.3, डलहौजी में 15.6 और केलांग में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें