प्री पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप की भारतीय श्रेणी में अश्विनी प्रथम
- फोटो : संवाद
पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग घाटी से फ्री फ्लायर के तौर पर उड़ान भरने वाला फ्रेंच का पायलट उतराला के ऊपर की पहाड़ियों में पैराग्लाइडर के अनियंत्रित होने पर लैंड कर गया। पायलट को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद बीड़ से बचाव दल को भेजा गया है, लेकिन देर शाम तक बचाव दल घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था। पायलट को अचानक इन पहाड़ियों में लैंड करते हुए दो अन्य विदेशी पायलटों ने देख लिया।
लैंड करने वाले पायलट से संपर्क साधने पर ये दोनों विदेशी पायलट भी घटनास्थल पर उसके समीप लैंड कर गए हैं। अब यह तीनों पायलट एक साथ इन पहाड़ियों के मध्य में हैं। अंधेरा हो जाने पर वीरवार को हेलिकाप्टर का सहयोग नहीं लिया जा सका है। अब शुक्रवार सुबह इन तीनों पायलटों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा। एनडीआरएफ की टीम भी बीड़ में मौजूद है और हालात के अनुसार टीम का सहयोग भी लिया जाएगा। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने बताया कि पायलट सुरक्षित है और शुक्रवार सुबह हेलिलाप्टर से पायलट को सुरक्षित लाया जाएगा।
पैराग्लाइडिंग के लिए बीड़-बिलिंग घाटी को विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। इसके लिए सरकार की ओर से 50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। यह बात क्रॉस कंट्री प्री वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के समापन समारोह पर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कही। उन्होंने कहा कि बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने पर्यटन विभाग के सहयोग से एक वर्ष में बीड़ में दो बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया है। ऐतिहासिक शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए एडीबी के माध्यम से 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। एशिया की पहली राफ्टिंग प्रतियोगिता हमीरपुर जिला के नादौन में तीन नवंबर से आयोजित की जा रही है। उन्होंने पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप के आयोजन में व्यय हुई राशि का वहन पर्यटन विभाग की ओर से किए जाने की घोषणा की। इससे पहले बीड़ पहुंचने पर बाली का भारतीय एवं तिब्बती परंपराओं से स्वागत किया गया। पैराग्लाइडर पायलटों ने पुष्प वर्षा के साथ-साथ एक्रोबेट शो किया। मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने कहा कि अल्प समय में यहां पर दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सका है और इससे प्रदेश भर में पर्यटन को गति मिलेगी।
18 देशों के पायलटों ने लिया भाग
26 अक्तूबर से दो नवंबर तक आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में 18 देशों में फ्रांस, अमेरिका, स्विट्जरलैंड, वियतनाम, भारत, फिनलैंड, इंग्लैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इटली, नॉर्वे, कजाकिस्तान, इजराइल, पोलैंड, साउथ अफ्रीका, स्लोवेनिया, चेक रिपब्लिक और आयरलैंड के 93 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें भारतीय सेना के 13 प्रतिभागियों समेत 8 महिलाओं में दो भारतीय महिला शामिल रहीं। प्रतियोगिता के ओवरआल विजेता को डेढ़ लाख, दूसरे स्थान पर रहने वालों को एक लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 75 हजार रुपये राशि तथा ट्रॉफी भेंट की गई। भारतीय श्रेणी एवं महिला वर्ग में विजेता को 70 हजार, उपविजेता को 50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 30 हजार रुपये राशि और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।