हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों के लिए अच्छी सूचना है। मरीजों को 348 तरह की मुफ्त दवाएं मई से अस्पतालों में मिलनी शुरू हो जाएंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय की ओर से 348 तरह की दवाएं खरीदने के लिए 16 कंपनियों से अगले एक साल के लिए करार किया गया है।
दवाओं की खरीदारी हर जिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) स्तर पर करने का फैसला लिया गया है। सरकारी अस्पतालों में बुखार से लेकर कैंसर तक की दवाएं मुफ्त दी जाएंगी। आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों की मदद से पिछले साल ही सूची तैयार कर ली गई थी।
2014-15 का पूरा साल बीत गया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाओं की खरीदारी करने के लिए टेंडर प्रक्रिया ही फाइनल नहीं की गई। इस कारण 29 करोड़ का बजट यूं ही पड़ा रहा। मार्च आखिर में टेंडर प्रक्रिया फाइनल की गई।
इसी महीने होगा ऑर्डर
अप्रैल 2015 में स्वास्थ्य एवं परिवार निदेशालय और 16 कंपनियों के बीच करार फाइनल हुआ है। सीएमओ स्तर पर इसी महीने के आखिर तक ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। मई में हर हाल में सभी अस्पतालों में दवाएं पहुंच जाएंगी। प्रदेश में दवाओं की खरीदारी फिलहाल पिछले साल के बजट से ही किया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक डा. डीएस गुरुंग, निदेशक का कहना है कि दवाओं की खरीदारी के लिए पिछले साल जो बजट पड़ा रहा, उसे ड्रॉ कर लिया गया था जिससे यह लैप्स न हो पाए। अब उसी रकम से दवा खरीदने के लिए ऑर्डर जारी किया जाएगा ताकि प्रदेश के मरीजों को दवाएं उपलब्ध हो सकें।