मरीज के साथ आने वालों के लिए निशुल्क खाने व नाश्ते की व्यवस्था करने की घोषणा की है।
- फोटो : Demo
डा राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कालेज टांडा में एक कार्यक्रम में शिरकत करने गए कैबिनेट मंत्री जीएस बाली ने एक पहल की। तीमारदारों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से मरीज के साथ आने वालों के लिए निशुल्क खाने व नाश्ते की व्यवस्था करने की घोषणा की है।
इसके साथ ही उन्होंने इस व्यवस्था के लिए हर महीने दस हजार रुपये बतौर सहयोग राशि देंगे। मंत्री बाली ने बताया कि टांडा मेडिकल कालेज में बड़ी संख्या में आसपास के इलाकों से मरीज आते हैं। मरीजों को तो अस्पताल की ओर से खाने पीने की व्यवस्था मुहैया करा दी जाती है
लेकिन उनके साथ आने वाले तीमारदारों को खाने पीने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। लोगों की इसी परेशानी को उन्होंने खुद महसूस किया और अपने स्तर से यहां नाश्ते व खाने की व्यवस्था शुरू की है। बताया कि शुरूआती दौर में तीन सौ लोगों के खाने की व्यवस्था की गई है।
जैसे जैसे स्थानीय लोगों का सहयोग मिलेगा वैसे वैसे इसकी क्षमता में वृद्घि की जाएगी। बता दें, इससे पहले 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर भी जीएस बाली ने सभी बस स्टेशनों में यात्रियों और आम लोगों को 25 रुपये में खाने की थाली मुहैया कराने की घोषणा की थी।