शिक्षक, फौजी, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग समेत कई सरकारी महकमों के कर्मचारी गरीब बनकर सरकार को चूना लगा गए। शिलाई की दो पंचायतों कोटीभौंच और जखांडो में जांच के बाद यह खुलासा हुआ है। जांच में जखांडो में 39 और कोटीभौंच में 40 ऐसे परिवार बीपीएल सूची में शामिल पाए गए, जिनकी सालाना आय पांच लाख से भी ज्यादा है।
ये परिवार सालों से सरकारी नौकरियों में आरक्षण, दो रुपये किलो गेहूं, तीन रुपये किलो चावल, आवास सुविधा और सौर लाइटें लगवाने जैसी कई योजनाओं में सरकार को चूना लगा रहे थे। जांच के बाद इन परिवारों को बीपीएल सूची से हटा दिया गया है। बता दें कि शिकायत मिलने के बाद एसडीएम शिलाई ने जांच के लिए दो टीमें गठित की थीं।