तीन दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुई हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र की थरजून पंचायत से देश की सबसे युवा प्रधान रही जबना चौहान पर गोहर थाने में गबन और अनियमितता के तहत मामला दर्ज हुआ है। उन पर सरकारी सीमेंट का गबन करने के आरोप लगे हैं। मामला 2020 का बताया जा रहा है और उसी पंचायत के सचिव तेज राम निवासी मौवीसेरी की ओर से दर्ज शिकायत पर पुलिस ने धारा 406 और 409 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक पंचायत में वर्ष 2019 में मनरेगा के 14 सिंचाई टैंक स्वीकृत हुए। इसके लिए 19 मई, 2020 को सीमेंट लेने के लिए बिल फार्म पास करने के बाद उन्हें सिविल सप्लाई कार्यालय थुनाग भेजा गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसका भुगतान 26 जून, 2020 को ऑनलाइन कर दिया था। इसके उपरांत नई पंचायत कार्यकारिणी गठित हुई और प्रधान अंजना कुमारी व उपप्रधान डोला राम मार्च 2021 में सीमेंट लाने सिविल सप्लाई कार्यालय गए। वहां बताया गया कि 14 सिंचाई टैंकों के सीमेंट के कुल 986 बैग पूर्व प्रधान जबना चौहान ले गई हैं। इस पर जब पूर्व प्रधान जबना से वर्तमान प्रधान अंजना ने बात की तो उन्होंने सीमेंट के बिल पंचायत में जमा कर देने की बात कही, लेकिन पूर्व प्रधान ने न सीमेंट और न ही बिल पंचायत में जमा करवाए हैं। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मामला दर्ज हुआ है, पुलिस जांच में जुटी है।
कार्रवाई के निकाले जा रहे सियासी मायने
आप में शामिल होने के बाद हुई इस कार्रवाई के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। आप का दामन थामने वालों पर हुई इस तरह की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। बता दें बुधवार को आप में शामिल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने जिला कार्यकारिणी में जबना चौहान को उपप्रधान भी बना डाला था। आनन फानन में यह सूची रद्द कर नई निकालनी पड़ी है।